जांजगीर चांपा (सलवा जुडूम मीडिया) एनएच 49 विवेकानंद मेन रोड पर तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने सड़क किनारे खड़ी मालवाहक गाड़ी को सामने से टक्कर मार दी। इस हादसे में एम्बुलेंस ड्राइवर सहित कुल 5 लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।जानकारी के अनुसार, मारकंडा निवासी पंचराम केवट और ठंडाराम अपने रिश्तेदार उमेदमति केवट (85) के साथ एम्बुलेंस में थे। उमेदमति के हाथ में फ्रैक्चर और सीने में समस्या होने के कारण उन्हें चांपा के नायक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने फ्रैक्चर का इलाज करने के बाद सीने के एक्सरे के लिए उन्हें जांजगीर भेजा था।
बता दे कि, एम्बुलेंस में तीनों जांजगीर पहुंचे ही थे कि अचानक ड्राइवर ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए पहले एक दुकान के साइन बोर्ड को टक्कर मारी। इसके बाद एम्बुलेंस सड़क किनारे खड़ी मालवाहक गाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मालवाहक गाड़ी 10 मीटर दूर जा खिसकी।
हादसे में एम्बुलेंस में सवार पंचराम, ठंडाराम और चालक को चोटें आईं। वहीं, मालवाहक गाड़ी में बैठे दो अन्य व्यक्ति भी घायल हो गए। घायलों को तत्काल पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पंचराम और ठंडाराम के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सड़क पर लगे जाम को हटवाया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त गाड़ियों को थाने ले जाकर आगे की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


