रायपुर (सलवा जुडूम मीडिया) छत्तीसगढ़ में इस साल होली के दिन शराब के शौकीनों को राहत मिलने वाली है। राज्य सरकार की नई आबकारी नीति के तहत अब होली के अवसर पर शराब की दुकानें बंद नहीं रहेंगी। यानी शराब दुकानें खुली रहेंगी, त्योहार के दिन भी आम उपभोक्ता सीधे शराब दुकान से खरीदारी कर सकेगा। नई आबकारी नीति में पहले से तय सात ड्राई डे में से 3 ड्राई डे समाप्त कर दिए गए हैं। इनमें होली, मुहर्रम और महात्मा गांधी निर्वाण दिवस (30 जनवरी) शामिल हैं।

इन तीनों अवसरों पर अब राज्य में शराब बिक्री पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा, जबकि शेष ड्राई डे पहले की तरह लागू रहेंगे। नई नीति के अनुसार वर्ष 2026-27 में केवल चार दिन ड्राई डे घोषित किए गए हैं। इनमें 26 जनवरी गणतंत्र दिवस, 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस, 2 अक्टूबर गांधी जयंती और 18 दिसंबर गुरु घासीदास जयंती शामिल हैं। इन दिनों पूरे प्रदेश में शराब दुकानें बंद रहेंगी। अब तक छत्तीसगढ़ में होली के दिन शराब की दुकानें पूरी तरह बंद रखी जाती थीं। त्योहार से पहले पुलिस द्वारा सख्त चेकिंग की जाती थी और पहले से शराब रखने वालों पर भी कार्रवाई की आशंका रहती थी। नई नीति लागू होने के बाद इस तरह की सख्ती नहीं होगी। सरकार का मानना है कि बिक्री की अनुमति से अवैध शराब की संभावना भी कम होगी। गांधी निर्वाण दिवस पर खुली दुकानों का हुआ था विरोध लेकिन 30 जनवरी को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शराब दुकानें खुली रहने को लेकर पहले ही राजनीतिक विवाद सामने आ चुका है। इस फैसले के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के अलग-अलग शहरों में प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बापू के सिद्धांतों के विपरीत ऐसे पावन दिन पर शराब बिक्री जनभावनाओं का अपमान है।


