जांजगीर चांपा (सलवा जुडूम मीडिया) भारतीय हाथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान चांपा में अध्ययनरत मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सदस्य, प्रबंधन एवं अनुश्रवण समिति, भारतीय हाथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान चांपा एवं समाज सेविका इंजीनियर मंजुषा पाटले के हाथों छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन छात्रवृत्ति एवं पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में सत्र 2025-26 के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों और उत्कृष्ट उपस्थिति के आधार पर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि इंजी. मंजुषा पाटले ने विद्यार्थियों को पुरस्कार राशि प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जब किसी के हुनर को संवारना हो और उसे आगे बढ़ाने के लिए गति देनी हो, तो एक मंच की आवश्यकता होती है। भारतीय हाथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान चांपा ऐसा ही एक मंच है, जो युवाओं को अपने कौशल को निखारने और आगे बढ़ने का अवसर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान रेणु साहू (फर्स्ट सेमेस्टर) और मोनिका साहू (थर्ड सेमेस्टर) को उत्कृष्ट अंक और उपस्थिति के आधार पर 1600-1600 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। वहीं यशमिता देवांगन, आदित्य कोरी और रीना मिराज को भी उत्कृष्ट उपस्थिति के लिए 600-600 रुपये की राशि देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में संस्थान के प्राचार्य सौरभ सिंह ठाकुर, डी.डी.ओ. एवं लाइब्रेरियन बिहारी लाल पटेल सहित शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मेधावीविद्यार्थियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।समारोह में कुल 5000 रुपये की प्रोत्साहन राशि छात्र-छात्राओं को वितरित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा और कौशल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।



