जांजगीर-चांपा(सलवा जुडूम मीडिया) छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना अंतर्गत ग्राम धरदेई में आज प्रातः एक अत्यंत दुःखद और हृदय विदारक घटना सामने आई। ग्राम के निवासी श्री कृष्ण कुमार पटेल एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रमाबाई पटेल ने अपने ही घर की बाड़ी में स्थित नीम वृक्ष की डाली से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दंपत्ति अपने इकलौते पुत्र आदित्य पटेल (21 वर्ष) की असामयिक मृत्यु के गहरे सदमे में थे। आदित्य की वर्ष 2024 में मस्तूरी थाना क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। पुत्र के वियोग का दुःख माता-पिता सहन नहीं कर पा रहे थे और उसी मानसिक वेदना के कारण उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
सुसाइड नोट और वीडियो मिला
सूचना प्राप्त होते ही पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई तथा विधिवत पंचनामा कार्यवाही की गई। पंचनामा के दौरान श्री कृष्ण कुमार पटेल के जेब से चार पन्नों का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। उक्त पत्र में उन्होंने एवं उनकी पत्नी ने अपने पुत्र आदित्य की असामयिक मृत्यु से अत्यंत आहत और व्यथित होकर यह कदम उठाने का उल्लेख किया है।
इसके अतिरिक्त, दंपत्ति द्वारा मृत्यु से पूर्व एक वीडियो भी बनाया गया, जिसमें उन्होंने अपने वकील से निवेदन किया है कि उनके निधन के पश्चात उनके पुत्र आदित्य के क्लेम की राशि परिवार के अन्य सदस्यों — कुलबहरा पटेल एवं जलबहरा पटेल को प्रदान कर दी जाए। वीडियो में उन्होंने यह भी कहा कि वे “स्वयं को शिव में अर्पित” कर रहे हैं।
महाशिवरात्रि के दिन घटी घटना
महाशिवरात्रि जैसे पावन पर्व के दिन एक सुसंस्कृत एवं शुद्ध परिवार द्वारा इस प्रकार स्वयं को समाप्त कर लेना अत्यंत पीड़ादायक एवं मन को द्रवित कर देने वाली घटना है। यह समाचार सुनकर संपूर्ण क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त हो गई। एक संतान के वियोग का दुःख कितना असहनीय होता है, इसका यह मार्मिक उदाहरण है।
पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। सलवा जुडूम मीडिया की टीम की ओर से ईश्वर से प्रार्थना करते है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।ॐ शांति 🙏


