शिवरीनारायण (सलवा जुडूम मीडिया) जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण में आयोजित माघी मेले में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां आकाश झूले का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। जिससे झूले की सिटिंग प्लेट उखड़ गई। इस घटना में झूले के पास खड़े और उसमें सवार 6 लोग चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। बाकी घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है। गंभीर रूप से घायल हुए लोगों में मलदा निवासी चंद्रकांता कश्यप 15 और भूमिका कश्यप 21 शामिल हैं। अन्य घायलों की पहचान की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, झूला चलते समय अचानक उसका एक हिस्सा टूटकर नीचे गिरा, जिससे वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। पुलिस के अनुसार, मेला शुरू होने से पहले झूला संचालकों और समिति को सुरक्षा मानकों का पालन करने और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। हादसे के बाद अब इस बात की जांच की जा रही है कि झूले का रखरखाव सही ढंग से किया गया था या नहीं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप ने बताया कि, पूरे मामले की जांच की जा रही है। यदि जांच में लापरवाही सामने आती है, तो झूला संचालक और संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने एहतियातन अन्य झूलों की भी जांच शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में ऐसी किसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।


