बिलासपुर (सलवा जुडूम मीडिया) एजुकेशन हब (मंगला शाखा) द्वारा स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय धुरीपारा के विद्यार्थियों के लिए आयोजित क्विज प्रतियोगिता का परिणाम शनिवार को घोषित कर दिया गया। इस अवसर पर कक्षा 6वीं से लेकर 12वीं तक के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे खुशी और उत्साह से खिल उठे।

समारोह में उपस्थित विद्यार्थियों ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं पढ़ाई के प्रति उनकी रुचि बढ़ाती हैं और आत्मविश्वास मजबूत करती हैं। कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों—निखिल सर, मनीष सर, नेहा मैम, सानू मैडम, काजल मैडम और अंजली मैडम ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, नियमित अभ्यास और अनुशासन ही कामयाबी का एकमात्र रास्ता है।

प्रतिभा निखारने का मंच है एजुकेशन हब
संस्था के असिस्टेंट डायरेक्टर दुष्यंत सिंह ठाकुर ने बताया कि एजुकेशन हब का मुख्य उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। इसके लिए समय-समय पर क्विज प्रतियोगिता, करियर गाइडेंस सेमिनार और शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, जिससे बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा हो।

सही मार्गदर्शन से मिलेगी सफलता: धनंजय चतुर्वेदी
एजुकेशन हब के फाउंडर डायरेक्टर धनंजय चतुर्वेदी ने सभी प्रतिभागी बच्चों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हर बच्चे के भीतर एक अनोखी प्रतिभा होती है, बस उसे सही मार्गदर्शन और लगातार प्रयास की जरूरत होती है। संस्था का लक्ष्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बेहतर भविष्य की राह दिखाना है। कार्यक्रम के अंत में सभी को शुभकामनाएं दी गईं और भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही गई।





