चांपा (सलवा जुडूम मीडिया) छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में बढ़ोतरी, स्मार्ट मीटर और 400 यूनिट तक की बिजली बिल हाफ योजना को फिर से लागू करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर-चांपा के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अगस्त माह से कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर हटाने तथा बिजली दरों में की गई वृद्धि वापस लेने के समर्थन में आम जनता से आवेदन और विरोध-पत्र भरवाएंगे।

उन्होंने बताया कि यह अभियान लगातार दो माह तक चलाया जाएगा। इसके बाद जिलेभर से एकत्रित किए गए आवेदन-पत्रों के साथ बिजली विभाग के जिला कार्यालयों का घेराव कर ज्ञापन सौंपा जाएगा और उसकी पावती ली जाएगी। इसके पश्चात प्रदेशभर से प्राप्त पावतियों के साथ मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं बिजली मंत्री भी हैं, इसलिए उनसे सीधे मांग की जाएगी कि बिजली दरों में वृद्धि वापस ली जाए, स्मार्ट मीटर हटाए जाएं तथा 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना दोबारा लागू की जाए।

पत्रकार वार्ता में जांजगीर विधायक व्यास कश्यप ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जुलाई से घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली दरों में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट, गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तथा कृषि पंपों की बिजली दरों में 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद यह पांचवीं बार बिजली दरों में बढ़ोतरी की गई है और अब तक कुल 31.23 प्रतिशत की वृद्धि हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों में केवल 2 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी हुई थी और उस दौरान 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना लागू थी। उनका आरोप है कि वर्तमान सरकार जनता को राहत देने के बजाय लगातार आर्थिक बोझ बढ़ा रही है।

विधायक व्यास कश्यप ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों से उपभोक्ताओं के बिजली बिल तीन से चार गुना तक बढ़कर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिना उपभोक्ता की सहमति के अनुबंध भार (लोड) बढ़ाया जा रहा है, जबकि नियमानुसार ऐसा नहीं किया जा सकता। उनका आरोप है कि स्मार्ट मीटर वास्तविक खपत से अधिक रीडिंग दर्ज कर रहे हैं, जिसके आधार पर उपभोक्ताओं का अनुबंध भार बढ़ाकर अतिरिक्त अर्थदंड जोड़ा जा रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि बिजली बिल बढ़ने के तीन प्रमुख कारण हैं—बिजली दरों में वृद्धि, बिजली बिल हाफ योजना का बंद होना और स्मार्ट मीटर के कारण अधिक रीडिंग दर्ज होना।पत्रकार वार्ता में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश शर्मा, नारायण सोनी, गिरधारी यादव, रफीक सिद्दीकी, नागेंद्र गुप्ता, सेवक बूटू देवांगन, भगवान दास गढ़वाल, शिशिर द्विवेदी, दुर्गा कुर्रे, सुनील साधवानी, रामविलास राठौर, राजकुमार सरोज एवं हरीश श्रीवास सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

