जांजगीर-चांपा (सलवा जुडूम मीडिया) देवरी-चिचोली पिकनिक स्पॉट पर शुक्रवार को हसदेव नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से तीन युवकों के बह जाने की सूचना सामने आई है। घटना के बाद पिकनिक स्पॉट पर अफरा-तफरी मच गई, वहीं साथ आए लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

चार युवक और चार युवतियां पहुंचे थे पिकनिक मनाने
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक कार से चार युवक और चार युवतियां देवरी-चिचोली पिकनिक मनाने पहुंचे थे। सभी हसदेव नदी में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान नदी के तेज बहाव में तीन युवक बह गए।
बहने वाले युवकों में मुरारी साहू, पिता उत्तर साहू, निवासी कुंडा, थाना पंडरिया, जिला कवर्धा; पवन लाल, निवासी चिरमिरी; और सचिन सिंह, पिता यशवंत सिंह, निवासी अंबिकापुर के नाम सामने आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि सभी चौकसे कॉलेज, बिलासपुर के विद्यार्थी हैं। हालांकि, युवकों की पहचान और अन्य विवरण की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

SDRF ने संभाला मोर्चा, नदी में तलाश जारी
हादसे की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। बलौदा पुलिस भी घटनास्थल पर तैनात है। नदी के तेज बहाव के बीच SDRF के जवान लगातार लापता युवकों की तलाश में जुटे हुए हैं।

फिलहाल रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन जारी है। प्रशासन और पुलिस की टीम पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। लापता युवकों की तलाश पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




