जांजगीर-चांपा (सलवा जुडूम मीडिया)
जांजगीर-चांपा जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ) से जुड़े एक गंभीर मामले में आरटीआई कार्यकर्ता एवं पत्रकार जितेन्द्र कुमार साहू ने परिवहन आयुक्त, आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW), सतर्कता विभाग तथा मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन को विस्तृत शिकायत सौंपते हुए तत्कालीन एवं वर्तमान जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) सहित संबंधित अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उत्तम एजेंसी, मड़वा (जांजगीर-चांपा) के वाहनों को टैक्स बकाया होने के बावजूद कथित रूप से नियमों के विपरीत ऑनलाइन फिटनेस प्रमाणपत्र जारी एवं नवीनीकृत किया गया, जिससे शासन को लाखों रुपये के राजस्व की क्षति हुई। शिकायतकर्ता ने इसे सरकारी रिकॉर्ड में अनियमितता, फर्जीवाड़ा एवं भ्रष्टाचार का मामला बताया है।
शिकायत के अनुसार कुछ वाहनों का टैक्स समाप्त होने के बाद भी उन्हें कई वर्षों तक वैध फिटनेस प्रमाणपत्र जारी किया गया। इसके पीछे संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत होने का आरोप लगाया गया है। साथ ही यह भी दावा किया गया है कि पूर्व में जिला परिवहन अधिकारी को लिखित शिकायत दिए जाने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि पूरे मामले में संबंधित डीटीओ, तत्कालीन हेवी वाहन शाखा प्रभारी तथा अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए, संबंधित वाहनों का पंजीयन निरस्त किया जाए तथा परिवहन विभाग के ऑनलाइन लॉगिन और आईपी एड्रेस का फोरेंसिक ऑडिट कराया जाए ताकि जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका स्पष्ट हो सके।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होती है, तो मामले को केंद्रीय जांच एजेंसियों (सीबीआई/ईडी) के समक्ष ले जाने की पहल की जाएगी।
नोट: यह समाचार शिकायत पत्र में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि या जांच अभी शेष है। संबंधित अधिकारियों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।




