नागेंद्र गुप्ता ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, बोले– गरीबों को प्रताड़ित करने का परिचायक है प्रशासनिक आतंकवाद
जांजगीर-चांपा (सलवा जुडूम मीडिया) जिले के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम सिउड़ में शासकीय भूमि से बेजा कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान एक बेहद चिंताजनक घटना सामने आई है। अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में एक गरीब महिला द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन किए जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना ने प्रशासनिक कार्रवाई के तरीके और गरीब परिवारों के प्रति संवेदनशीलता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

इस घटना को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नागेंद्र गुप्ता ने भाजपा सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे भाजपा के कथित ”प्रशासनिक आतंकवाद” का परिचायक बताते हुए कहा कि प्रदेश में गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को किस तरह परेशान किया जा रहा है, यह घटना उसका उदाहरण है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सिउड़ में धान खरीदी केंद्र के पास स्थित शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए राजस्व विभाग की टीम, तहसीलदार, पंचायत प्रतिनिधि और धान खरीदी केंद्र के प्रबंधक मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान अपनी बेटी के साथ एक छोटे से झोपड़ीनुमा मकान में रहने वाली महिला ने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।
बताया जा रहा है कि महिला ने लगभग छह माह पहले ईंट और टीन की छत से महज तीन फीट ऊंचा एक छोटा सा आशियाना बनाया था, जिसमें वह अपनी बेटी के साथ गुजर-बसर कर रही थी।

50 हजार रुपये मांगने और जेसीबी से मकान तोड़ने की धमकी का आरोप
मामले में गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि महिला से अतिक्रमण नहीं हटाने के एवज में गांव के एक जनप्रतिनिधि और धान खरीदी केंद्र से जुड़े व्यक्ति द्वारा कथित रूप से 50 हजार रुपये की मांग की गई थी। पैसे नहीं देने पर जेसीबी से मकान तोड़ने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है।
महिला की मां ने भी आरोप लगाया कि धान खरीदी केंद्र के आसपास अन्य बड़े अतिक्रमण मौजूद होने के बावजूद प्रशासन ने गरीब महिला की छोटी सी झोपड़ी को निशाना बनाया। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

अस्पताल में उपचार, पुलिस ने दर्ज किया बयान
घटना के बाद महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर डायल 112 को भी बुलाया गया। स्थिति को देखते हुए अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम को वापस लौटना पड़ा।
नवागढ़ पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर महिला का बयान दर्ज किया है। महिला ने अपने बयान में तीन लोगों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नागेंद्र गुप्ता ने उठाए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नागेंद्र गुप्ता ने कहा कि किसी भी अतिक्रमण के मामले में कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन गरीब परिवारों के साथ मानवीय संवेदनशीलता भी जरूरी है। यदि किसी महिला को इस कदर दबाव और भय का सामना करना पड़ा कि उसे जहर सेवन जैसा कदम उठाना पड़ा, तो यह बेहद गंभीर विषय है।उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित रूप से रुपये मांगने और धमकी देने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा गरीब महिला को न्याय दिलाने की मांग की है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराएगा? क्या कथित रूप से 50 हजार रुपये मांगने और मकान तोड़ने की धमकी देने के आरोपों की सच्चाई सामने आएगी? गरीब महिला को न्याय कब मिलेगा?
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




