जांजगीर-चांपा (सलवा जुडूम मीडिया) पुलिस अधीक्षक (SP) विजय कुमार पाण्डेय ने कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले नैला चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक (SI) भवानी सिंह चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित उपनिरीक्षक को रक्षित केंद्र (लाइन) संबद्ध कर दिया गया है।
गंभीर मामलों की जांच में बरती ढिलाई
मिली जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक भवानी सिंह चौहान के पास नैला चौकी में दर्ज अपहरण, चोरी, छेड़छाड़ और मारपीट जैसे कई गंभीर अपराधों की विवेचना (जांच) का जिम्मा था। इसके बावजूद, उन्होंने इन संवेदनशील प्रकरणों की जांच को लंबे समय तक बिना किसी ठोस कारण के लटकाए रखा। मामलों के निराकरण में अपेक्षित गंभीरता और रुचि नहीं दिखाने को SP ने कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही माना।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं:
SP विजय कुमार पाण्डेयइस कड़ी कार्रवाई के साथ ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिसिंग और विवेचना कार्य में किसी भी तरह की ढिलाई, उदासीनता या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
SP ने कहा कि पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना और लंबित मामलों का तेजी से व गुणवत्तापूर्ण निपटारा करना पुलिस की सबसे पहली प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी जो कोई अपने कर्तव्य में कोताही बरतेगा, उसके खिलाफ इसी तरह की सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।




