चांपा (सलवा जुडूम मीडिया) चांपा नगर के डोंगाघाट स्थित संत निवास में वर्ष 1952 से संचालित ऐतिहासिक ‘श्री हनुमान व्यायाम शाला सेवा समिति’ के भवन को तोड़े जाने और सामग्री गायब करने के मामले में नगर में भारी जन आक्रोश है। समिति के अध्यक्ष गिरधारी यादव ने एक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि इस प्राचीन धरोहर को बचाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर आगामी 29 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम एक चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (SDM) को सौंपा जाएगा।

क्या है पूरा मामला?
समिति के अध्यक्ष गिरधारी यादव के अनुसार, इस अखाड़े की स्थापना संस्थापक स्वर्गीय गुरुजी मोहित राम यादव द्वारा की गई थी, जिन्हें श्री तपसीबाबा बालमुकुंद जी महाराज ने अखाड़ा संचालन के लिए यह स्थान सौंपा था। पिछले 72 वर्षों से यहाँ निरंतर हनुमान जी की पूजा और कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र का सफल संचालन हो रहा था।

आरोप है कि वर्ष 2024 में हनुमान मंदिर डोंगाघाट समिति के महंत और सदस्यों द्वारा अखाड़े के भवन का ताला तोड़कर इस प्राचीन धरोहर को ध्वस्त कर दिया गया। इतना ही नहीं, वहाँ स्थापित हनुमान जी की मूर्ति, गुरुजी मोहित राम यादव की प्रतिमा और अखाड़े की ऐतिहासिक सामग्रियां भी गायब कर दी गईं।

प्रशासन के आश्वासन की खुली पोल
इस घटना के बाद जब कानूनी कार्रवाई की मांग उठी, तब प्रशासन और मंदिर समिति ने आश्वासन दिया था कि उक्त स्थल पर दोबारा अखाड़े का ही निर्माण कराया जाएगा। लेकिन अध्यक्ष गिरधारी यादव का कहना है कि प्रशासन के वादे के विपरीत, वर्तमान में उस जगह पर अखाड़े के बजाय कुछ और ही निर्माण कार्य किया जा रहा है, जो नगर की जनता और खिलाड़ियों के साथ धोखा है।

29 जुलाई को श्रद्धांजलि और धरना प्रदर्शन
विज्ञप्ति के अनुसार, आगामी 29 जुलाई 2026 को सुबह 11:00 बजे सबसे पहले गुरु पूर्णिमा के अवसर पर स्वर्गीय गुरुजी मोहित राम यादव को भावभीनी श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके तुरंत बाद श्री हनुमान व्यायाम शाला सेवा समिति के सदस्यों द्वारा तहसील कार्यालय चांपा के सामने एक सांकेतिक धरना दिया जाएगा और रैली के रूप में जाकर मांगों का ज्ञापन सौंपा जाएगा।
समिति की 4 सूत्रीय मांगें:
- दोषियों पर कानूनी कार्रवाई: बिना अनुमति अखाड़ा भवन का ताला तोड़कर निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, मानहानि करने और ऐतिहासिक सामग्री गायब करने वालों पर विधि सम्मत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
- आय-व्यय व जमीनों की जांच: हनुमान मंदिर डोंगाघाट संचालन समिति द्वारा मंदिर की जमीनों की कथित अवैध बिक्री और उनके वित्तीय आय-व्यय की उच्च स्तरीय जांच हो।
- कब्जा मुक्त हो जमीन: मंदिर की मूल्यवान जमीनों पर अवैध रूप से कब्जा करने वालों से तत्काल जमीन खाली कराई जाए।
- ट्रस्ट से निष्कासन: मंदिर की संपत्ति और भूमि का व्यक्तिगत दोहन करने वाले भ्रष्ट तत्वों को मंदिर के ट्रस्ट में शामिल न किया जाए।
राष्ट्रीय स्तर पर दिलाई थी पहचान
गौरतलब है कि श्री हनुमान व्यायाम शाला का इतिहास गौरवशाली रहा है। स्वर्गीय गुरुजी मोहित राम यादव के नेतृत्व में इस अखाड़े ने चांपा को कुश्ती प्रतियोगिता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी पहचान दिलाई थी। उनकी स्मृति में यहाँ हर साल भव्य कुश्ती प्रतियोगिताएं भी आयोजित होती हैं। नगर के कई प्रतिष्ठित नागरिकों और वरिष्ठ बुजुर्गों ने इसी अखाड़े में दंड-बैठक करके अपना शरीर सौष्ठव बनाया है। नगर की इस ऐतिहासिक शान और पहचान को मिटाए जाने से क्षेत्र के खिलाड़ियों और आम नागरिकों में हनुमान मंदिर डोंगाघाट संचालन समिति के खिलाफ गहरा गुस्सा देखा जा रहा है।


