सक्ती (सलवा जुडूम मीडिया) सक्ती जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र से एक राहत भरी खबर सामने आई है। करीब एक माह से लापता पत्रकार दिनेश साहू के 14 वर्षीय पुत्र प्रांशु साहू को पुलिस ने उड़ीसा के बालेश्वर से सकुशल बरामद कर लिया है। इस पूरे घटनाक्रम में सलवा जुडूम मीडिया द्वारा लगातार समाचार प्रकाशित किए जाने पर परिजनों ने विशेष आभार व्यक्त किया है।

सक्ती जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र के ग्राम बेल्हाडीह निवासी पत्रकार दिनेश साहू के पुत्र प्रांशु साहू, जो 29 जून 2026 की सुबह बाराद्वार रेलवे स्टेशन के पास से लापता हो गया था, अब सकुशल अपने घर लौट आया है।जानकारी के अनुसार, प्रांशु साहू प्रतिदिन की तरह समाचार पत्र लेने बाइक से निकला था, लेकिन वापस घर नहीं पहुंचा। बाइक में लगे जीपीएस की मदद से वाहन तो कुछ दूरी पर मिल गया, लेकिन बालक का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद परिजनों ने बाराद्वार थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस द्वारा लगातार खोजबीन की जा रही थी। इसी बीच सलवा जुडूम मीडिया ने इस मामले को प्राथमिकता देते हुए लगातार अपने न्यूज चैनल और पोर्टल पर प्रमुखता से प्रकाशित किया तथा आम नागरिकों से भी बालक की तलाश में सहयोग की अपील की।लगातार समाचार प्रसारण से प्रभावित होकर प्रांशु साहू ने अपने पिता दिनेश साहू से संपर्क किया और बताया कि वह उड़ीसा के बालेश्वर में है। सूचना मिलते ही बाराद्वार थाना प्रभारी नरेंद्र यादव एवं उनकी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लोकेशन ट्रेस की और उड़ीसा पहुंचकर प्रांशु साहू को सकुशल बरामद कर लिया।

पुत्र के सुरक्षित घर लौटने पर माता-पिता और पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। पत्रकार दिनेश साहू ने पुलिस प्रशासन, बाराद्वार थाना प्रभारी नरेंद्र यादव एवं उनकी टीम के साथ-साथ सभी समाचार पत्रों और विशेष रूप से सलवा जुडूम मीडिया के संपादक का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लगातार समाचार प्रकाशित होने से लोगों तक सूचना पहुंची और उनके पुत्र का पता लगाने में महत्वपूर्ण मदद मिली।

वहीं, सलवा जुडूम मीडिया के संपादक ने कहा कि यदि समाचार के माध्यम से किसी परिवार की चिंता दूर होती है और एक लापता पुत्र अपने माता-पिता से मिल जाता है, तो यह पत्रकारिता के लिए गर्व और सबसे बड़ी सफलता की बात है।



