सक्ती (सलवा जुडूम मीडिया) जिले के जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में आज 11 सितंबर 2026 को विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान 121.70 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के कुल 38 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाएगा। इनमें 4,245.65 लाख रुपए की लागत वाले 15 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 7,925.02 लाख रुपए की लागत वाले 23 विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2 लाख आवासों का गृह प्रवेश
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत 2 लाख नवनिर्मित आवासों के गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर वीडियो प्रदर्शन भी होगा। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के पांच हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से खुशियों की चाबी प्रदान की जाएगी।
वहीं मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत एआई आधारित जियो-टैग सत्यापन का शुभारंभ किया जाएगा।
लखपति दीदी और उत्कृष्ट पंचायतों का होगा सम्मान
कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली लखपति दीदी एवं डीलर दीदी को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही पंचायत एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली राज्य की 5 पंचायतों के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा वीबी-जी रामजी के अंतर्गत ‘धार अपार’ एवं ‘सुघ्घर बाड़ी’ अभियान, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 270 नवीन इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टरों का विमोचन तथा ‘अथ उद्यम—आजीविका से उद्यमिता की ओर’ इन्क्यूबेशन प्रोग्राम के तहत चैलेंज फंड इवेंट का शुभारंभ किया जाएगा।
लोक नृत्य और विभागीय प्रदर्शनी बनेगी आकर्षण
कार्यक्रम में अतिथियों के आगमन एवं स्वागत के दौरान स्थानीय लोक नृत्य दल द्वारा पारंपरिक लोक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा अपनी योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए जाएंगे। अतिथियों द्वारा इन स्टॉलों का निरीक्षण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में मंचारोहण और दीप प्रज्वलन के बाद विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाएगा।
कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं अरुण साव, मंत्री रामविचार नेताम, मंत्री एवं सक्ती जिले के प्रभारी मंत्री गुरू खुशवंत साहेब, नेता प्रतिपक्ष एवं सक्ती विधायक चरणदास महंत, जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू सहित जिला एवं जनपद पंचायत के पदाधिकारी, सरपंच, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, हितग्राही और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहेंगे।
जेठा कॉलेज ग्राउंड में आयोजित यह कार्यक्रम जिले में विकास कार्यों और ग्रामीण जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।






