चांपा (सलवा जुडूम मीडिया) चांपा अनुविभाग को नए एसडीओपी के रूप में सीपीएस अधिकारी लोकेश बंसल मिल गए हैं। उन्होंने गुरुवार को चांपा एसडीओपी कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आम जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

पत्रकारों से किया परिचय:
पदभार ग्रहण करने के उपरांत एसडीओपी लोकेश बंसल ने जांजगीर चांपा के पत्रकारों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चांपा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी सक्रियता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।

जनता से सहयोग की अपील:
उन्होंने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, जनविश्वास को मजबूत करना तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

सलवा जुडूम मीडिया के संपादक ने की खास मुलाकात:
चांपा में नए एसडीओपी के आगमन पर ‘सलवा जुडूम मीडिया’ के संपादक भूपेंद्र देवांगन ने उनसे खास मुलाकात की और उन्हें नए कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान चांपा क्षेत्र में हो रही गलत एवं अवैध गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। संपादक भूपेंद्र देवांगन और उनके साथ उपस्थित ‘मानवाधिकार मीडिया’ के जीत बहादुर साहू ने क्षेत्र के अवैध कामों पर रोक लगाने के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए और पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। नए एसडीओपी ने भी उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों से सकारात्मक सहयोग की उम्मीद जताई है।

नए एसडीओपी के पदभार ग्रहण करने से चांपा अनुविभाग में पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं।




