जांजगीर-चांपा (सलवा जुडूम मीडिया) जिले के देवरी-चिचोली में हसदेव नदी में पिकनिक मनाने पहुंचे चौकसे कॉलेज के छात्रों के लिए रविवार का दिन दर्दनाक हादसे में बदल गया। नदी में नहाने और तैरने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से तीन छात्र बह गए। लगातार चले रेस्क्यू अभियान के बाद तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

मृतकों की पहचान पवन निवासी चिरमिरी, मुरारी साहू निवासी पंडरिया (कवर्धा) और सचिन निवासी अंबिकापुर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार चौकसे कॉलेज में अध्ययनरत चार छात्र और चार छात्राएं देवरी-चिचोली घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ छात्र हसदेव नदी में नहाने और तैरने लगे। अचानक तीन छात्र गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।

घटना की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया गया। छात्रों की तलाश के लिए SDRF की टीम को बुलाया गया। नदी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार खोजबीन की गई।
रेस्क्यू टीम ने ड्रोन की मदद से भी नदी में छात्रों की तलाश की।
अंधेरा होने पर रोकना पड़ा रेस्क्यूअंधेरा होने के कारण रात में रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा। सुबह रोशनी होते ही बिलासपुर से पहुंची SDRF टीम ने दोबारा नदी में तलाश शुरू की। करीब सुबह 6 बजे घटनास्थल से लगभग 500 मीटर नीचे पानी के ऊपर दो शव दिखाई दिए। टीम ने दोनों शवों को बाहर निकाला, जिनकी पहचान मुरारी साहू और सचिन के रूप में हुई।

इससे पहले रेस्क्यू टीम पवन का शव भी बरामद कर चुकी थी। इस तरह नदी में बहे तीनों छात्रों के शव बरामद कर लिए गए।
पुलिस ने शुरू की वैधानिक कार्रवाई
बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा के अनुसार, तीनों छात्र नदी में बह गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम ने तलाश अभियान शुरू किया था। लगातार प्रयासों के बाद तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजन भी घटनास्थल पहुंचे। तीन युवाओं की मौत से उनके परिवारों और परिचितों में शोक की लहर है।




