जांजगीर-पेण्ड्री (सलवा जुडूम मीडिया) प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय माउंट आबू (राजस्थान) से जुड़े प्रसिद्ध आध्यात्मिक वक्ता, गायक एवं गीतकार राजयोगी ब्रह्माकुमार भानू भाई का 6 नवंबर को जांजगीर आगमन होने जा रहा है। उनके आगमन को लेकर स्थानीय ब्रह्माकुमारीज सेवाकेंद्र में विशेष उत्साह का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संस्था के आबू रोड स्थित शांतिवन परिसर के गॉडली वुड स्टूडियो के अंतर्गत संचालित ‘मूल्य मंच प्रोडक्शन’ के संचालक राजयोगी ब्रह्माकुमार भानू भाई 6 नवंबर को प्रातः 10 बजे जांजगीर-पेण्ड्री स्थित स्थानीय सेवाकेंद्र के नवनिर्मित परिसर होली हंस सरोवर, मुनुन्द में आयोजित विशेष कार्यक्रम ‘आत्म दीपोत्सव’ में शामिल होंगे।
इस अवसर पर वे अपने प्रेरणादायी वक्तव्यों, मधुर आध्यात्मिक गीतों और जीवनोपयोगी संदेशों के माध्यम से उपस्थित जनसमुदाय को आध्यात्मिकता, नैतिक मूल्यों, सकारात्मक चिंतन एवं आत्मिक जागृति का संदेश देंगे।

राजयोगी भानू भाई केवल एक आध्यात्मिक वक्ता ही नहीं, बल्कि एक कुशल गायक, एंकर, गीतकार एवं मंच संचालक के रूप में भी अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं। उनकी बहुमुखी प्रतिभा और प्रभावशाली प्रस्तुति ने देश-विदेश में अनेक लोगों को प्रभावित किया है। वे अब तक 26 से अधिक देशों में अपने अनुभव, कला और आध्यात्मिक संदेशों के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।

आध्यात्मिकता और जीवन मूल्यों का अनूठा संगम होगा ‘आत्म दीपोत्सव’
आज के भागदौड़ भरे जीवन में जहां व्यक्ति मानसिक तनाव, नकारात्मकता और भौतिक प्रतिस्पर्धा से जूझ रहा है, वहीं ऐसे आध्यात्मिक आयोजन लोगों को आत्मचिंतन, शांति और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देते हैं। ‘आत्म दीपोत्सव’ कार्यक्रम के माध्यम से भी लोगों को अपने भीतर ज्ञान, शांति, प्रेम और सद्भावना का दीप प्रज्वलित करने का संदेश दिया जाएगा।

आध्यात्मिक जगत की ऐसी बहुमुखी प्रतिभा को प्रत्यक्ष देखने, सुनने और उनके प्रेरणादायी विचारों से लाभान्वित होने का यह एक विशेष अवसर है।
ब्रह्माकुमारीज स्थानीय सेवाकेंद्र की ओर से समस्त नगरवासियों, धर्मप्रेमियों, सामाजिक संगठनों एवं प्रबुद्धजनों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम की जानकारी
- कार्यक्रम: आत्म दीपोत्सव
- वक्ता: राजयोगी ब्रह्माकुमार भानू भाई
- दिनांक: 6 नवंबर 2026, शुक्रवार
- समय: प्रातः 10:00 बजे
- स्थान: होली हंस सरोवर, मुनुन्द, जांजगीर-पेण्ड्री।





