जांजगीर चांपा (सलवा जुडूम मीडिया)आज दिनांक 21 जून 2026, रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो की जिला इकाई चांपा द्वारा एक भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ब्यूरो के प्रदेश अध्यक्ष एवं संयुक्त सचिव डॉ. जितेन्द्र पाल सिंह के निर्देशानुसार बरछापारा, चांपा स्थित जिला सचिव श्री घनश्याम देवांगन के निवास परिसर में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में 6 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योगाभ्यास का संचालन जिला सचिव श्री घनश्याम देवांगन द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जिला महिला सलाहकार का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ।योग सत्र का शुभारंभ पवित्र “ॐ” के उच्चारण के साथ किया गया, जिससे वातावरण सकारात्मक ऊर्जा एवं आध्यात्मिक चेतना से ओत-प्रोत हो गया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री रमेश कुमार सोनी ने उपस्थित बच्चों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए उनके दैनिक जीवन में योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का भी विकास करता है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री रमेश कुमार सोनी ने इस उत्कृष्ट आयोजन के लिए राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो की संपूर्ण टीम को कोटिशः बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रदान कीं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता एवं स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किए जाने पर विशेष बल दिया।सभी उपस्थित सदस्यों एवं बच्चों ने योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



