चांपा (सलवा जुडुम मीडिया) सामाजिक सरोकार और जनहित के मुद्दों पर बेबाकी से आवाज उठाने वाले छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव गिरधारी यादव ने चांपा क्षेत्र के एकमात्र प्रमुख पर्यटक स्थल हनुमान धारा का निरीक्षण किया। प्रातः भ्रमण के दौरान हनुमान धारा पहुंचे प्रदेश सचिव ने वहां मौजूद योग समिति के सदस्यों से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास और निर्माण कार्यों पर चर्चा की।

कैंटीन के स्थान को लेकर योग समिति ने जताया विरोध
मुलाकात के दौरान योग समिति के सदस्यों ने गिरधारी यादव को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। सदस्यों ने बताया कि योग समिति के चबूतरे के ठीक सामने कैंटीन बनाने के लिए गड्ढे खोद दिए गए हैं, जो कि पूरी तरह से अनुपयुक्त स्थान है। समिति की मांग है कि इस कैंटीन को इस जगह से हटाकर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर बनाया जाना चाहिए।

3 करोड़ के प्रोजेक्ट पर पारदर्शिता की मांग
सदस्यों ने जोर देकर कहा कि हसदेव नदी के तट पर लगभग 150 एकड़ में फैला हनुमान धारा चांपा का एकमात्र पिकनिक और पर्यटन स्थल है। इसके सौंदर्यीकरण के लिए पूरी ईमानदारी से काम होना चाहिए। शासन द्वारा यहां 3 करोड़ रुपये की लागत से भव्य गार्डन का निर्माण कराया जा रहा है। इस कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए स्थानीय नागरिकों और योग समिति के सदस्यों ने एक ‘जन निगरानी समिति’ के गठन की मांग की है। साथ ही, निर्माण स्थल पर प्रोजेक्ट का मानचित्र (नक्शा) और होल्डिंग बोर्ड लगाने की बात कही है ताकि कार्य में पारदर्शिता रहे।

योग समिति की मांगों और चिंताओं पर सहमति जताते हुए प्रदेश कांग्रेस सचिव गिरधारी यादव ने कहा कि वे हनुमान धारा के सर्वांगीण विकास के लिए हमेशा संकल्पित रहे हैं। उन्होंने पूर्व में भी कलेक्टर को पत्र लिखकर इसके सौंदर्यीकरण की मांग की थी। शासन द्वारा स्वीकृत 3 करोड़ की राशि नगर के लिए हर्ष का विषय है, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। यादव ने योग समिति के सदस्यों को हनुमान धारा की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया और उन्हें जल्द ही जांजगीर-चांपा कलेक्टर से मिलकर इस विषय में शिकायत और सुझाव सौंपने की सलाह दी है।अब देखना होगा कि जन भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन इस दिशा में क्या कदम उठाता है और चांपा के इस गौरवशाली पर्यटन स्थल का भविष्य क्या रूप लेता है।


