धीरेंद्र शास्त्री और दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर संगीत रागी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग, 13 नवंबर को एसपी कार्यालय पहुंचेगा प्रतिनिधिमंडल
जांजगीर-चांपा (सलवा जुडूम मीडिया) भगवान श्रीकृष्ण के कथित अपमान और यादव समाज के प्रति अभद्र टिप्पणी के विरोध में अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा जिला जांजगीर-चांपा द्वारा 13 नवंबर 2026 को दोपहर 1 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय जांजगीर में ज्ञापन सौंपा जाएगा। महासभा का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर कथा वाचक धीरेंद्र शास्त्री एवं दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर संगीत रागी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग करेगा।
अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के जिलाध्यक्ष गिरधारी यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान कथा वाचक धीरेंद्र शास्त्री द्वारा पवित्र व्यासपीठ पर बैठकर भगवान श्रीकृष्ण के लिए कथित रूप से आपत्तिजनक शब्दों एवं अभद्र भाव-भंगिमाओं का प्रयोग किया गया। महासभा का आरोप है कि इस प्रकार की टिप्पणी से भगवान श्रीकृष्ण के करोड़ों भक्तों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। साथ ही श्रीराम और श्रीकृष्ण के भक्तों के बीच विभाजनकारी विचार प्रस्तुत कर सनातन धर्म की एकता को प्रभावित करने का प्रयास किया गया।
वहीं, महासभा ने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर संगीत रागी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। जिलाध्यक्ष के अनुसार, एक टीवी डिबेट के दौरान प्रोफेसर द्वारा यादव समाज को कथित तौर पर ‘गंवार’ कहकर संबोधित किया गया, जिसे पूरे यादव समाज के सम्मान और स्वाभिमान पर आघात बताया गया है।
इन दोनों मामलों को लेकर यादव महासभा ने कड़ा विरोध जताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है। इसी क्रम में 13 नवंबर को जिला यादव महासभा जांजगीर-चांपा का प्रतिनिधिमंडल एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपेगा और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग करेगा।
महासभा का कहना है कि भगवान श्रीकृष्ण के सम्मान और यादव समाज की गरिमा के साथ किसी भी प्रकार का कथित अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।








