चांपा (सलवा जुडूम मीडिया) थाना चांपा पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से महिला का अश्लील वीडियो वायरल कर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 25 मार्च 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि लगभग एक वर्ष पहले उसकी इंस्टाग्राम पर एक युवक से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच इंस्टाग्राम वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत होती थी। इसी दौरान आरोपी ने गुप्त रूप से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और बाद में उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। आरोपी ने महिला का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चांपा में अपराध क्रमांक 127/26 के तहत धारा 67(ए) आईटी एक्ट एवं धारा 79 बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। साइबर सेल की तकनीकी सहायता से आरोपी की लोकेशन पश्चिम बंगाल के कोलकाता में मिली, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल रवाना हुई।
पुलिस ने कोलकाता से अमल रैन (19 वर्ष), पिता लाल मोहम्मद रैन, निवासी 205 रविंद्र सारनी, थाना पोस्ता, जिला कोलकाता (पश्चिम बंगाल) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
आरोपी के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। थाना चांपा पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से दोस्ती करते समय सावधानी बरतने और किसी भी प्रकार की साइबर ब्लैकमेलिंग की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।




