शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरारी में ACB का ट्रैप, 13 अधिकारियों की टीम ने दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा
जांजगीर-चांपा (सलवा जुडूम मीडिया) जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरारी की प्राचार्य और एक लिपिक को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने स्कूल में पदस्थ बाबू से वेतन वृद्धि के एरियर की राशि का भुगतान कराने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।

जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंजुलता सोनी, प्राचार्य और विकास मसीह, लिपिक के रूप में हुई है। आरोप है कि उन्होंने स्कूल के बाबू मनीष राठौर से करीब 80 हजार रुपये के वेतन वृद्धि एरियर का भुगतान कराने के बदले 10 हजार रुपये की मांग की थी।
शिकायत के बाद ACB ने रचा ट्रैप
रिश्वत की मांग से परेशान मनीष राठौर ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने आरोपों की पुष्टि की और दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई।

योजना के अनुसार शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर आरोपियों के पास भेजा गया। जैसे ही 10 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की गई, पहले से मौजूद ACB की टीम ने मौके पर दबिश देकर प्राचार्य अंजुलता सोनी और लिपिक विकास मसीह को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
13 अधिकारियों की टीम ने की कार्रवाई
ACB की इस कार्रवाई में कुल 13 अधिकारियों की विशेष टीम शामिल रही। टीम ने रिश्वत की रकम बरामद करने के साथ ही आरोपियों से पूछताछ और मामले से जुड़े दस्तावेजों एवं अन्य साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।

बिलासपुर ACB की 56वीं ट्रैप कार्रवाई
बताया जा रहा है कि यह ACB बिलासपुर की 56वीं ट्रैप कार्रवाई है। एक ही शासकीय संस्थान के प्राचार्य और लिपिक के रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद शिक्षा विभाग में भी हड़कंप मच गया है।
फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ACB द्वारा मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



