चांपा (सलवा जुडूम मीडिया) चांपा नगर के सबसे व्यस्त इलाके थाना चौक स्थित लच्छीबंध तालाब के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ‘हमर चांपा’ परिसर में लगा एक विशालकाय नीम का पेड़ अचानक भरभरा कर मुख्य सड़क पर गिर गया। हैरत की बात यह है कि न तो कोई आंधी चली, न तूफान आया और न ही बारिश हुई, फिर भी हरा-भरा पेड़ बीच सड़क पर जमींदोज हो गया। घटना रविवार सुबह करीब 5 बजे की है।

चूंकि यह नगर का सबसे मुख्य और व्यस्ततम मार्ग है, जहाँ चौबीसों घंटे स्कूल, बैंक, ऑफिस, रेलवे स्टेशन और सिनेमा घर जाने वालों की भारी भीड़ रहती है, इसलिए पेड़ गिरते ही यहाँ ‘चक्काजाम’ जैसी स्थिति निर्मित हो गई। सुबह से लेकर शाम तक शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा रहा, लेकिन वन विभाग और नगर पालिका प्रशासन गहरी नींद में सोया रहा। अफसरों की इस घोर उदासीनता को देख स्थानीय जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। लोगों का कहना है कि अगर यह हादसा किसी वर्किंग डे पर होता, तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। दिनभर चले भारी हंगामे और लगातार फोन खटखटाने के बाद, आखिरकार कुंभकर्णी नींद से जागे अमले ने शाम को पेड़ हटाया और तब जाकर जनता ने राहत की सांस ली।



