चांपा (सलवा जुडूम मीडिया) नगर के मध्य स्थित नायक नर्सिंग होम जनागल अनुपम प्लाजा में संचालित पद्मिनी मल्टीप्लेक्स में सोमवार को सुबह लगभग 10 से 10.30 के बीच अचानक आग लगने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आग लगने के बाद परिसर से उठता धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया इधर उधर भागते रहे लोग मचा रहा हड़कम,

घटना के दौरान मल्टीप्लेक्स के समीप स्थित नायक मेटरनिटी एंड सर्जिकल सेंटर में भी अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों एवं कर्मचारियों ने एहतियात के तौर पर बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों पर शरण ली।

अस्पताल परिसर और मुख्य सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग लगने की सूचना मिलते ही चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षित कर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। वहीं सूचना पर प्रकाश इंडस्ट्रीज की दमकल टीम भी घटनास्थल पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों द्वारा लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन एवं संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से किसी जनहानि की सूचना नहीं है, हालांकि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने के बाद कुछ समय तक पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार छाया रहा, जिससे लोगों में चिंता और भय का माहौल बना रहा। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।



