जांजगीर-चांपा (सलवा जुडूम मीडिया) जांजगीर नगर की मेधावी छात्रा पीहू सिंघानिया ने प्रथम प्रयास में ही देश की दो सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं NEET एवं JEE (Main एवं Advanced) में उत्कृष्ट सफलता हासिल कर जांजगीर-चांपा जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
पीहू ने NEET 2026 परीक्षा में 720 में से 666 अंक प्राप्त करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर 653वीं रैंक हासिल की। इसके साथ ही उन्होंने JEE (Main एवं Advanced) में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश के लिए अपनी पात्रता सिद्ध की।
पीहू ने ओडिशा की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था डीएवी पब्लिक स्कूल, भुवनेश्वर से कक्षा 12वीं में 95.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। अध्ययन के दौरान ही उन्होंने NEET और JEE जैसी दोनों कठिन परीक्षाओं को एक साथ सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।उनकी प्रारंभिक शिक्षा रायगढ़ जिले के तमनार स्थित जिंदल स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने करियर प्वाइंट, बिलासपुर से कक्षा 10वीं की परीक्षा 93.4 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की।
पीहू के पिता इंजी. राजकुमार सिंघानिया तमनार स्थित जिंदल पावर प्लांट में लगभग 20 वर्षों तक सेवाएं देने के बाद उपमहाप्रबंधक पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्त हुए। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रकाश इंडस्ट्रीज, चांपा से की थी। पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए पीहू ने भी कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर परिवार और जिले का मान बढ़ाया है।
अपनी इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय पीहू ने अपनी माता श्रीमती बबीता सिंघानिया, पिता इंजी. राजकुमार सिंघानिया तथा अपने गुरुजनों के मार्गदर्शन और प्रेरणा को दिया है।पीहू सिंघानिया की इस उपलब्धि पर पूरे जांजगीर-चांपा जिले में हर्ष का माहौल है। सामाजिक, शैक्षणिक एवं विभिन्न संगठनों के लोगों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता जिले के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।




