चांपा (सलवा जुडूम मीडिया) चांपा में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में साइबर थाना एवं थाना चांपा पुलिस की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन के पास नशीली सिरप और टेबलेट बेचने की फिराक में घूम रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग को भी पुलिस ने पकड़ा है।

पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चांपा रेलवे स्टेशन के पास आम रोड पर कुछ लोग नशीली सिरप और टेबलेट बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर श्याम होटल के पास दबिश दी।

तलाशी के दौरान आरोपियों के बैग से कोडीन युक्त 150 नग नशीली सिरप और 13,800 नग नशीली टेबलेट बरामद की गईं। जब्त नशीली दवाओं की कुल कीमत करीब ₹64,950 बताई गई है।
पुलिस ने इस मामले में युवराज दास महंत निवासी यादव मोहल्ला चांपा और अमित गोपाल उर्फ रेशू निवासी कोरवापारा चांपा को गिरफ्तार किया है। मामले में एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना चांपा में अपराध क्रमांक 457/26, धारा 21(C) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस की इस कार्रवाई से नशीली दवाओं के अवैध कारोबार में सक्रिय लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


