चांपा (सलवा जुडूम मीडिया) थाना चांपा क्षेत्र में जमीन को भारमुक्त एवं विवादरहित बताकर कुल 49.70 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी हरिशंकर गुप्ता (44), निवासी मारुति विहार कॉलोनी चांपा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी वरुण सोमानी निवासी तहसील रोड, बरपाली चौक चांपा ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने ग्राम पोड़ीकला स्थित 22 खसरों की कुल 4.95 एकड़ जमीन को भारमुक्त एवं विवादरहित बताते हुए 29.70 लाख रुपये में सौदा किया था। पूरी रकम लेने के बाद आरोपी ने 14 जुलाई 2025 को विक्रय इकरारनामा भी निष्पादित कराया।

बाद में आरोपी ने उक्त जमीन में से 9 खसरों की 2.37 एकड़ भूमि किसी अन्य व्यक्ति को बेचकर उसकी रजिस्ट्री करा दी। शेष जमीन की रजिस्ट्री कराने की बात पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। राजस्व अभिलेखों की जांच में जमीन के बैंक में बंधक होने की जानकारी सामने आई।

इसी तरह आरोपी ने प्रार्थी के पिता से भी चांपा स्थित भूमि-मकान को भारमुक्त एवं विवादरहित बताकर 20 लाख रुपये प्राप्त किए थे। जांच में उक्त संपत्ति के भी बैंक में बंधक होने की जानकारी सामने आई।

शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में थाना चांपा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी हरिशंकर गुप्ता को पकड़ा। पूछताछ एवं आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।



