चांपा (सलवा जुडुम मीडिया) पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा मटका के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना और चांपा पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह त्वरित कार्रवाई की। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और नगदी रकम जब्त की गई है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चांपा क्षेत्र में एक व्यक्ति मोबाइल फोन के माध्यम से अंकों पर रुपयों-पैसों का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा खिला रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संजय नगर वार्ड के पास घेराबंदी की। वहां गली के किनारे मोबाइल लेकर बैठे एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसका हुलिया मुखबिर के बताए अनुसार था।

रिश्तेदार के साथ मिलकर चला रहा था नेटवर्क
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम उत्तम देवांगन (35 वर्ष), निवासी संजय नगर चांपा बताया। पुलिस कड़ाई से पूछताछ और मेमोरेण्डम कथन के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह सट्टा अपने रिश्तेदार किशन देवांगन (36 वर्ष), निवासी स्टेशन रोड सक्ती के साथ मिलकर चला रहा था। सट्टा पट्टी और दांव के संबंध में वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका।
नगदी और मोबाइल जब्त, भेजे गए जेल
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सट्टा कारोबार में इस्तेमाल किए जा रहे 03 नग मोबाइल और 1,000 रुपये नगद जब्त किए हैं।थाना चांपा में दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 387/26 और छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 07 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी उत्तम देवांगन और किशन देवांगन को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




